तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर जानलेवा हमला

कुल्हाड़ी से वार करने की कोशिश, मोटरसाइकिल भी तोड़ी

Betul News: ग्राम बांसपानी के कुछ ग्रामीणों पर तेंदूपत्ता तोड़ते समय जंगल में जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद घायल ग्रामीणों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह ग्राम बांसपानी के गुलाब बारसे, कमलेश ग्वालवंशी, सुनील ग्वालवंशी और गुलाब ग्वालवंशी मोटरसाइकिल से तेंदूपत्ता तोड़ने हर्राढाना, नंदीखेड़ा के पास के जंगल में पहुंचे थे। उनके साथ श्रीमती होमवती बारसे, सरोज ग्वालवंशी, रीना बेलवंशी और सोमकली ग्वालवंशी भी थीं। सभी लोग तेंदूपत्ता तोड़कर गट्ठों में बांधकर मोटरसाइकिल के पास रख रहे थे। कुछ देर बाद जब वे फिर से तेंदूपत्ता तोड़ने गए और वापस लौटे तो उनके रखे हुए तेंदूपत्ते गायब मिले। इस पर उन्होंने आवाज लगाई कि उनके तेंदूपत्ते कौन ले गया है। आवाज सुनकर कुछ महिलाएं वहां पहुंचीं और गाली-गलौच करने लगीं। उन्होंने कुछ युवकों को भी बुला लिया, जिन्होंने गुलाब बारसे, कमलेश ग्वालवंशी, सुनील ग्वालवंशी और गुलाब ग्वालवंशी पर डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान एक महिला ने कमलेश ग्वालवंशी पर कुल्हाड़ी से वार करने की कोशिश की, लेकिन उसने कुल्हाड़ी को पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हमलावरों ने डंडों से उनके हाथ, कमर, पीठ और पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे सभी को गंभीर चोटें आईं। घबराकर सभी लोग किसी तरह जंगल से भागकर बाहर आए और तुरंत कोतवाली पुलिस थाने में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सोमकली ग्वालवंशी और सुनील ग्वालवंशी की जिला चिकित्सालय में एमएलसी करवाई है। मारपीट करने वाले महिलाएं और युवक ग्राम नंदीखेड़ा के होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर ली है।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.