Betul News-कुछ ही मिनटों में राख हुआ गांव,संकट में ‘मसीहा’ बनकर उभरे भूरा यादव
जब गांव जल रहा था, तब एक शख्स दौड़ रहा था-भूरा यादव बने उम्मीद की किरण
| |

BETUL MIRROR। भीमपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बसींदा अंतर्गत बर्राढाना गांव में शनिवार शाम लगी भीषण आग ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। तेज आंधी के बीच भड़की आग ने देखते ही देखते गांव के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि कुछ ही मिनटों में कई घर जलकर खाक हो गए और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शाम करीब 6:15 बजे की है, जब अधिकांश घरों में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आंधी चली और किसी चिंगारी ने पास में पड़े कचरे को आग की चपेट में ले लिया। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती गई और एक के बाद एक घर इसकी जद में आते चले गए। इस भयावह स्थिति के बीच गांव के भूरा यादव ने अद्भुत साहस और तत्परता का परिचय देते हुए ग्रामीणों के लिए मसीहा का काम किया। घटना की जानकारी मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए पूरे गांव में दौड़-दौड़कर लोगों को सतर्क करना शुरू कर दिया।
उन्होंने जोर-जोर से आवाज लगाकर लोगों को घरों से बाहर निकलने और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की। ग्रामीणों के अनुसार, भूरा यादव ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना के दौरान सामने आए वीडियो में उनकी आवाज लगातार सुनाई दे रही है, जिसमें वे लोगों को आग से दूर रहने, भीड़ न लगाने और तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की हिदायत देते नजर आ रहे हैं। उनकी सूझबूझ और सक्रियता के चलते कई लोगों की जान समय रहते बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने के प्रयास देर रात तक जारी रहे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कई मकान, अनाज, कपड़े और घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर आपदा के समय स्थानीय स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया और जागरूकता की अहमियत को उजागर किया है।
