तीसरे दिन चैंपियंस कप के धमाकेदार मुकाबले में रोहित, आशु और नितेश बने स्टार खिलाड़ी
जय हो आमला, पुष्प 11 और यादव वॉरियर्स चिचोली के बीच आज होंगे मुकाबले
| |

MIRROR/ लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम कोठी बाज़ार बैतूल में आयोजित चैंपियंस कप 2025 के तीसरे दिन तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए जिनमें हर मैच में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिन का पहला मैच पुलिस लीजेंड आरए स्पोर्ट्स और किसान 11 के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पुलिस लीजेंड आरए स्पोर्ट्स ने पहले फील्डिंग का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए किसान 11 ने 10 ओवर में 5 विकेट पर 137 रन बनाए, जिसमें राघव ने 37 रनों का अहम योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पुलिस लीजेंड आर ए स्पोर्ट्स ने रोहित प्रजापति के 53 रनों की अर्धशतकीय पारी और दीपक महाकाल के 40 रनों की बदौलत आखिरी ओवर में जीत दर्ज की। रोहित प्रजापति को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा मुकाबला पुलिस लीजेंड, आरए स्पोर्ट्स और ताप्ती क्रिकेट क्लब मुलताई के बीच हुआ। इस बार भी पुलिस लीजेंड आरए स्पोर्ट्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनी। ताप्ती क्रिकेट क्लब की ओर से आशु पटेल ने मात्र 24 गेंदों में ताबड़तोड़ 62 रन ठोककर टीम को 140 रनों तक पहुंचाया। जवाब में पुलिस लीजेंड आरए स्पोर्ट्स की शुरुआत कमजोर रही, हालांकि रोहित प्रजापति ने 18 गेंदों पर 40 रनों की तेज पारी खेलकर मुकाबला रोमांचक बना दिया। आखिर में ताप्ती क्रिकेट क्लब मुलताई ने निरंजन और राहुल बारंगे की किफायती गेंदबाजी के दम पर मैच जीत लिया। आशु पटेल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दिन का तीसरा मुकाबला किसान 11 और ताप्ती क्रिकेट क्लब मुलताई के बीच खेला गया। टॉस जीतकर किसान 11 ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और राघव के 32 तथा अंकित के शानदार अर्धशतक की मदद से 148 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। जवाबी पारी में ताप्ती क्रिकेट क्लब के आशु पटेल ने 62 रन और अज्जू ने 12 गेंदों पर 44 रनों की आतिशी पारी खेली, लेकिन टीम दो रन से जीत से चूक गई। किसान 11 की ओर से नितेश बारंगे ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए मात्र 2 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जिसमें एक हैट्रिक और एक मेडन ओवर शामिल रहा। इस शानदार प्रदर्शन के लिए नितेश बारंगे को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। आज 25 अक्टूबर शनिवार को जय हो आमला, पुष्प 11 और यादव वॉरियर्स चिचोली के बीच मुकाबले होंगे।
