मृत बेटे का शव लेकर युवक पहुंचा मंदिर, प्रतिमाएं खंडित की, ग्रामीणों में आक्रोश

Betul Mirror News। मासोद चौकी क्षेत्र के झालमो इटावा गांव स्थित हनुमान मंदिर में 30 मई की शाम एक युवक ने धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाते हुए मंदिर की प्रतिमाओं की तोड़फोड़ कर दी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी का माहौल बन गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर मासोद चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार बलिराम उइके का लगभग तीन से चार वर्ष के पुत्र की मृत्यु हो गई थी। बेटे के निधन के बाद बलिराम 30 मई की शाम को शव लेकर सीधे गांव के हनुमान मंदिर पहुंचा और वहां जमकर उत्पात मचाया। मंदिर में मौजूद प्रतिमाओं को तोड़कर कर खंडित कर दिया। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 100 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर मासोद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बलिराम को हिरासत में लेकर चौकी ले गई। ग्रामीणों ने बताया कि बलिराम उइके पहले से ही मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत होता है और अक्सर उल्टे-सीधे काम करता रहा है। लेकिन इस बार उसने हद पार करते हुए मृत बच्चे का शव मंदिर में रखकर तोड़फोड़ की जिससे पूरे गांव की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस घटना के बाद ग्रामीण वासुदेव, रमेश, भगत सिंह, राजेश, गोमजी, नागोराव, ओमकार, लक्ष्मण और दीपक सहित अन्य लोगों ने बलिराम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बलिराम की यह हरकत गांव के धार्मिक सौहार्द और शांति को भंग करने वाली है और ऐसे व्यक्ति पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई होना आवश्यक है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.