चिचोली SBM घोटाला: SIT ने छिंदवाड़ा से दबोचे दो आरोपी

चिचोली में स्वच्छ भारत मिशन (SBM) के तहत हुए 13.21 करोड़ के शौचालय निर्माण घोटाले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच टीम (SIT) ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों, सपना इवने और बीरबल रावत को छिंदवाड़ा जिले के परासिया से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी और उन पर आरोप

सपना इवने

ग्राम हरदू की निवासी सपना पर 44 लाख 41 हजार 900 रुपये के गबन का आरोप है।

बीरबल रावत

ग्राम गोंडुमंदाई के निवासी बीरबल पर 1 करोड़ 5 लाख 59 हजार रुपये की राशि के गबन का आरोप है।

यह मामला चिचोली पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 163/25 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 409, 34, 120 (बी) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) के तहत दर्ज किया गया है।

SIT की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी शाहपुर मयंक तिवारी के नेतृत्व में गठित SIT ने गहन तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग, बैंक लेन-देन की जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की। छिंदवाड़ा के परासिया में दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। इस कार्रवाई में साइबर सेल बैतूल और चिचोली पुलिस स्टेशन की संयुक्त टीम भी शामिल थी।

फरार आरोपी

मामले के अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं. एक फरार आरोपी पर 10 हजार और चार अन्य पर 5-5 हजार का इनाम घोषित किया गया है।

संपत्ति सील

सभी आरोपियों के बैंक खाते सील कर दिए गए हैं, और फरार आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि उनकी कुर्की की कार्रवाई की जा सके।

तलाशी अभियान

पुलिस की चार टीमें इंदौर, भोपाल, बालाघाट, गोंदिया (महाराष्ट्र) समेत कई अन्य जगहों पर लगातार दबिश दे रही हैं। SIT और साइबर सेल की टीमें आरोपियों के नेटवर्क और उनकी गतिविधियों पर लगातार नज़र रख रही हैं।

जनता से अपील

पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके पास इस गबन से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.