एक पौधा जरूर लगाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को हरी-भरी धरती मिल सके: सागर सिंह चौहान

कोसमी क्षेत्र में सहयोग मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी ने किया वृहद पौधारोपण

BETUL MIRROR NEWS। बढ़ते शहरीकरण और कटते पेड़ों के दौर में जब हरियाली सिमट रही है, ऐसे समय में कुछ संस्थाएं आज भी पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उसे संवारने का कार्य कर रही हैं। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में हरियाली तीज के पावन अवसर पर सहयोग मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी द्वारा रविवार को वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन बैतूल के कोसमी क्षेत्र में किया गया, जिसमें सोसायटी के सदस्यों ने श्रमदान कर स्वयं गड्ढे खोदे और अपनत्व भाव से पौधे रोपे।

हरियाली तीज पर 100 पौधे लगाकर किया धरती माता का श्रृंगार

पौधारोपण में लगाए गए पौधों में छायादार और फलदार दोनों प्रकार के पौधे शामिल रहे, जो आने वाले वर्षों में राहगीरों को न केवल छाया देंगे बल्कि फल भी प्रदान करेंगे। इस मौके पर सहयोग मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी के ब्रांच मैनेजर पिंकेश गायकी ने कहा कि पेड़-पौधे ईश्वर के होंठ हैं, इन्हीं से ईश्वर मुस्कुराते हैं। हम सबने इस वृक्षारोपण को ईश्वर की मुस्कान समझकर किया है। उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि एक सतत संकल्प है, जिसे भविष्य में और भी बड़े स्तर पर दोहराया जाएगा।

एक पौधा लगाना, ईश्वर के कार्य में भागीदार बनने जैसा

ब्रांच सेल्स मैनेजर सागर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि आज कुल 100 पौधे धरती माता के आंचल में रोपे गए हैं। उन्होंने सभी शहरवासियों से अपील की कि वे भी एक पौधा जरूर लगाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक हरी-भरी धरती मिल सके। सहयोग मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी के सदस्यों का कहना है कि एक पौधा लगाना, ईश्वर के कार्य में भागीदार बनने जैसा है और इसी भावना के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पौधों की देखभाल करने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्य पिंकेश गायकी, सागर सिंह चौहान, अभिषेक नागले, नीरज श्रीवास्तव, केतन महावर, महेश चौहान, चेतन, हर्ष बेले, अमन, खुशबू चौरसिया, रूपाली पंडाग्रे और नीलम ओसले ने पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी आस्था और संकल्प को दर्शाया। ब्रांच मैनेजर पिंकेश गायकी ने बताया कि हम सभी इस नेक कार्य से बेहद आनंदित हैं और केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि समय-समय पर इन पौधों की देखभाल कर इन्हें सुरक्षित और समृद्ध बनाए रखने का सतत प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सहयोग मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी द्वारा भविष्य में भी इसी तरह के पौधारोपण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि पर्यावरण को संरक्षित और समृद्ध किया जा सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.