एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जेएच कॉलेज में रोपे 51 पौधे
80 स्वयंसेवकों ने लिया भाग, छात्र-छात्राओं ने दिया प्रकृति प्रेम का संदेश
| |
MIRROR SAMACHAR/ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, जयवंती हाक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत 51 पौधों का रोपण किया गया। इस पर्यावरणीय पहल में स्वयंसेवकों ने भाग लिया और महाविद्यालय परिसर को हरियाली से संवारने का संकल्प लिया। भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के तहत पौधों का रोपण किया गया। यह आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के संरक्षण में संपन्न हुआ। पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व जिला संगठक डॉ. सुखदेव डोंगरे और नवनियुक्त जिला संगठक डॉ. गोपाल साहू ने किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी प्रो. शंकर सातनकर, डॉ. दीपक मानकर, प्रो. संतोष पवार, डॉ. शीतल चौधरी, वरिष्ठ स्वयंसेवक अक्षय मालवी, हिमांशु पाटिल, दलनायक आयुष नागोरे, तनिष्क चौकीकर, रंजीत कास्दे सहित 80 से अधिक स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही। प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र को अपने घर, आंगन, खलिहान और खेत में एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए जिससे पर्यावरण का संतुलन बना रहे। पूर्व जिला संगठक डॉ. सुखदेव डोंगरे ने कहा कि पौधे लगाकर हम आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दे सकते हैं। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. शंकर सातनकर ने पौधों को पर्यावरण प्रदूषण रोकने में सहायक बताया, वहीं डॉ. दीपक मानकर ने फलदार पौधे लगाने के लाभ बताए। इस पूरे अभियान को सफल बनाने में सुरभि जैन का विशेष सहयोग रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने का एक प्रेरणादायक प्रयास साबित हुआ।
