धावड़ा गांव में मकान पर बिजली गिरने से परिवार के 6 लोग झुलसे
| |

Betul News। ग्राम धावड़ा में बुधवार रात को एक मकान पर बिजली गिरने से परिवार के आधा दर्जन लोग झुलस गए। बिजली गिरने से मकान में आग भी लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में झुलसे चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना में झुलसे परिवार के लोगों को तत्काल इलाज की आवश्यकता थी, लेकिन 108 एंबुलेंस को सूचना देने के बावजूद वाहन नहीं मिल सका। ऐसे में वन विभाग में कार्यरत वन रक्षक मंशाराम चौहान ने निजी वाहन से 15 किलोमीटर दूर दामजीपुरा अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित सुरेश कोरकू ने बताया वे परिवार के साथ घर में बैठे थे। उसी दौरान अचानक तेज आवाज और चमक के साथ बिजली सीधे उनके मकान पर आ गिरी। बिजली गिरते ही कपड़े और घर का अन्य सामान जलने लगा। इस दौरान घर में मौजूद सुरेश, पत्नी आशा बाई 35 साल, बेटा विजय 12 साल, संजय 10 साल, भांजा दीपक और उसकी पत्नी सुमंत्रा 20 साल गंभीर रूप से झुलस गए। बिजली के असर से शरीर का एक ओर का हिस्सा सुन्न हो गया है।
