आउटसोर्स कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत, ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

MIRROR NEWS/ चिचोली-नसीराबाद-बीघवा मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी (एमपीईडीसीएल) के आउटसोर्स कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान वीरपुर निवासी सुरेंद्र यादव (पुत्र सखाराम यादव) के रूप में हुई है, जो चिचोली जोन में पदस्थ था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र यादव रोज की तरह रविवार रात करीब 10:30 बजे ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहा था, लेकिन वह रातभर घर नहीं पहुंचा। सोमवार सुबह करीब 9 बजे राहगीरों ने नसीराबाद के पास सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त बाइक और पास में ही सुरेंद्र का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत 100 डायल और थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसडीओपी मयंक तिवारी ने बताया कि घटनास्थल पर मिले साक्ष्य प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना का मामला दर्शा रहे हैं। बाइक के फिसलने के निशान और मृतक के सीने पर गंभीर चोटों के आधार पर यह हादसा प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक सुरेंद्र यादव को उनके व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाना जाता था। उनके असमय निधन से न केवल परिवार, बल्कि विभाग में भी शोक की लहर है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.