बाहर से आकर जिले में अतिक्रमण करने वालों पर होगी कार्रवाई
| |
Betul News: बैतूल तहसील के अंतर्गत बैतूल नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय भूमि पर अन्य जिलों और प्रांतों से आकर बसे लोगों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। हाल ही में ग्राम सोनाघाटी की शासकीय भूमि पर जिला शाजापुर से आए करीब 10 परिवारों द्वारा झोपड़ियां बनाकर कब्जा किया गया, जिसे राजस्व विभाग द्वारा चिह्नित किया गया है। बैतूल तहसील के ग्राम सोनाघाटी में शासकीय भूमि पर बाहरी लोगों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को चिह्नित किया गया है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी है। शीघ्र ही ऐसे अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। तहसीलदार बैतूल से मिली जानकारी के अनुसार यह कब्जा ग्राम सोनाघाटी की शासकीय भूमि, खसरा नम्बर 60/1, कुल रकबा 155.344 हेक्टेयर में पाया गया है। संबंधित परिवारों ने बिना किसी वैध दस्तावेज के यहां डेरा जमा लिया है। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अतिक्रमणकारियों के पास न तो राशन कार्ड है, न आधार कार्ड और न ही मतदाता पहचान पत्र, जिससे यह स्पष्ट है कि वे बैतूल जिले के मूल निवासी नहीं हैं। प्रशासन ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्हें अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी है, ताकि वे भविष्य में होने वाली सख्त कार्यवाही से बच सकें। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया, तो प्रशासन द्वारा बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाएगी। तहसीलदार बैतूल ने जनहित में यह भी कहा है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और नगर एवं आसपास के अन्य गांवों में भी इसी प्रकार की सतत कार्यवाही की जाएगी।
