शादी के 15 दिन बाद ससुराल से जेवर-रुपए लेकर फरार हुई दुल्हन
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में की थी शादी, युवक ने एसपी से की शिकायत
| |
Betul Mirror News। जिले में लुटेरी दुल्हन के मामले लगातार सामने आ रहे है। शादी जैसे पवित्र रिश्ते को हथियार बनाकर अब युवकों को निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला भीमपुर तहसील के ग्राम चाटुबाड़ी से सामने आया है, जहां एक युवक ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत विवाह किया और महज 15 दिन बाद दुल्हन सोने-चांदी के जेवर, लाखों रुपये नकद और कपड़े लेकर फरार हो गई। भीमपुर तहसील के ग्राम चाटुबाड़ी निवासी पीड़ित युवक राहुल पिता लच्छू यादव ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए अपने साथ हुई धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की है। राहुल यादव ने बताया कि वह खेती और दूध व्यापार का कार्य करता है। उसका विवाह मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत ग्राम सावलमेंढ़ा में हिंदू रीति रिवाज से 5 मई को रूकमणी से हुआ था। शादी पूरी तरह से बिना दान-दहेज के सम्पन्न हुई थी। राहुल ने बताया कि शादी के तुरंत बाद रूकमणी अपने मायके बड़गांव चली गई थी। इसके बाद 16 मई को परिजनों की उपस्थिति में वह फिर से ग्राम चाटुबाड़ी आई और 17 मई को गांव समाज के बीच रिसेप्शन हुआ। लेकिन उसी दिन रूकमणी फिर से मायके लौट गई। 18 मई को वह ससुराल आई, लेकिन तबीयत खराब बताकर पूरे दिन सोती रही। 20 मई को उसने अपनी बहन के बेटे को बुलाकर अपने साथ मायके चली गई। राहुल के अनुसार रूकमणी ने शादी के नाम पर केवल धोखा दिया। 25 मई के बाद उसका मोबाइल बंद आने लगा और बाकी परिजनों ने भी कॉल उठाना बंद कर दिया। राहुल ने बताया कि जब घर में जांच की गई तो पता चला कि रूकमणी अपने साथ एक सोने का हार, एक मंगलसूत्र, एक चैन, तीन अंगूठियां, एक जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी चांदी की पायलें, तीन लाख रुपये नकद और एक सूटकेस भर कपड़े चुराकर ले गई है। आवेदक ने बताया कि रूकमणी के साथ उसके भाई श्यामदेव, सुनील, मां सयजु बाई और बहन लक्ष्मी सभी ने मिलकर साजिश रची थी। इन सभी पर शादी के नाम पर षड्यंत्रपूर्वक 15 लाख रुपये की ठगी करने, सामाजिक और पारिवारिक जीवन बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। राहुल यादव ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि इस मामले में सभी आरोपीगणों के खिलाफ दंडात्मक प्रकरण दर्ज कर उन्हें कानून के तहत सजा दी जाए, जिससे समाज में ऐसी लुटेरी दुल्हन जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और आमजन का भरोसा कानून व्यवस्था पर बना रहे।
