आमला में डकैती के बाद दहशत का माहौल फिर दिखे संदिग्ध लोग
रात्रि गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी लगाने की मांग
| |

यह भी पढ़ें
Betul Mirror News। आमला में हाल ही में हुई डकैती की वारदात के बाद नागरिकों में दहशत का माहौल है। बीती रात आमला के वार्ड क्रमांक 12 भवानी नगर में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर लोगों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रात्रि 2 से 3 बजे के बीच कुछ अज्ञात व्यक्ति वार्ड में घूमते नजर आए, जिन्हें क्षेत्रवासियों ने खुद देखा। इस संदर्भ में वार्ड पार्षद पद्मनी भंबरकर एवं साईं स्पोर्ट्स एंड कल्चरल समिति आमला की ओर से आमला थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन में कहा गया है कि भवानी नगर एक शांत और रिहायशी क्षेत्र है, जहां अधिकांश निवासी सेवानिवृत्त बुजुर्ग हैं। क्षेत्र में मंदिर भी है जिसमें दानपेटी रखी गई है। वार्डवासियों ने जब इन संदिग्धों की हलचल देखी तो तत्काल डायल 100 पर कॉल करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लग पाया। इस संबंध में वार्डवासियों ने मांग की है कि क्षेत्र में नियमित रूप से रात्रि गश्त बढ़ाई जाए ताकि नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे। साथ ही क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की भी आवश्यकता बताई गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रिकॉर्ड किया जा सके।उल्लेखनीय है कि आमला थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक बड़ी डकैती की वारदात हुई थी, जिसके बाद नागरिकों में डर का माहौल है। इस घटना के विरोध में आमला के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में डकैती प्रकरण में थाना प्रभारी द्वारा लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई थी।नागरिकों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त बहुत कम हो गई है और इसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व रिहायशी इलाकों में घूम रहे हैं। लोगों ने यह भी मांग की है कि पुलिस तंत्र अपनी भूमिका को गंभीरता से निभाते हुए डकैती कांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करे।
