बड़े पैमाने पर देशी , विदेशी शराब जब्त, 4 के खिलाफ मामला दर्ज

पवित्र नगरी मुलताई में अवैध शराब कारोबारियों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही

Betul Samachar News: मां ताप्ती के उद्गम स्थल मुलताई को पवित्र नगरी घोषित करने के बाद शासन के निर्देश पर यहां आबकारी विभाग द्वारा शराब का विक्रय पूरी तरह बन्द करवा दिया गया है। लेकिन चोरी छिपे शराब विक्रय की सूचना मिलने के बाद आबकारी ने कार्यवाहियां भी शुरू कर दी हैं। रविवार रात आबकारी अधिकारी अंशुमान सिंह चढ़ार के निर्देश पर आबकारी अमले ने ताबड़तोड़ कार्यवाही कर अवैध शराब बिक्री के अड्डों और ढाबों का तलाशी अभियान चलाया। आबकारी और पुलिस के संयुक्त अभियान में चार स्थानों से बड़े पैमाने पर देशी विदेशी शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए है। जिला आबकारी अधिकारी अंशुमान सिंह ने बताया कि, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशानुसार पवित्र नगरी में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ धरपकड़ अभियान शुरू कर दिया गया है। पवित्र नगरी मुलताई शहर में अवैध शराब विक्रय की प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर दबिश की कार्यवाही के दौरान शास्त्री वार्ड में सविता पति गोलू बढ़िये के मकान पर दबिश दी गई। यहां से 8 पावर केन बीयर,तथा मटन मार्केट निवासी अरुण पिता महादेव कब्जे से 8 बोतल बोल्ट बीयर,शिवाय ढाबा परमंडल में राजू पिता मधुकर पवार के कब्जे से 11 पाव विदेशी मदिरा, तथा 39 पाव देशी मदिरा , और सर्रा निवासी नंदू पिता धुंधकारी सूर्यवंशी को 18 पाव देशी प्लेन मदिरा बेचते पकड़ा गया है। जब्त शराब की कीमत लगभग 8 हजार 500 रुपए आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 1915/2000 की धारा 34(1) क,36 के तहत् कार्यवाही कर कुल 4 प्रकरण कायम किए गए है। इसके अलावा आसपास संचालित ढाबों में भी सघन तलाशी ली गई। जिनमे बाबा ढाबा, शिव ढाबा, बावर्ची ढाबा, नमो आस्था ढाबा, पूजा ढाबा और एमपी ढाबा शामिल हैं। हालांकि इन ढाबों में शराब नहीं मिल पाई ऐसी स्तिथि में तलाशी पंचनामा बनाया गया है। आबकारी अधिकारी के मुताबिक यह तय किया गया है कि, पवित्र नगरी में शराब की बिक्री प्राथमिकता से प्रतिबंधित की जाए इसके लिए सतत रूप से कार्यवाही जारी रहेगी। कार्यवाही में वृत्त मुलताई प्रभारी आबकारी उप निरीक्षक सुरेन्द्र देवांगन , आबकारी उप निरीक्षक राजेश वट्टी , आबकारी उप निरीक्षक गौरव पाण्डेय, आबकारी उप निरीक्षक दिलीप भादे, सहित पुलिस स्टाफ शामिल था।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.