नशे में धुत युवक ने कार के कांच फोड़े, एसपी से शिकायत
| |
Betul Mirror News। गंज क्षेत्र के राजेन्द्र वार्ड में बीती रात 10 बजे नशे में धुत एक युवक द्वारा तलवार से कार के कांच फोड़ने का मामला सामने आया है। फरियादी महिला शशिकला पति राजेन्द्र सिंह धुर्वे ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है और युवक पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। शशिकला ने बताया कि 27 मई की रात को घर के दरवाजे पर आवाज सुनकर वह और उनकी बेटी बाहर निकलीं, तो देखा कि राजेन्द्र वार्ड निवासी युवक निहाल नशे की हालत में उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। उसे रोका गया तो गालियां देने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। शशिकला के बेटे के बाहर निकलते ही निहाल वहां से भाग गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद वह फिर तलवार लेकर लौटा और घर के सामने खड़ी एक्सयूवी कार क्रमांक एमपी 05 एमए 0005 के कांच तलवार से फोड़ दिए। यह पूरी घटना घर वालों ने अंदर से देखी और उन्होंने इसकी रिकॉर्डिंग भी कर ली है। परिवार ने तत्काल 100 डायल पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस वैन मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर निहाल फिर मौके से भाग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार की फोटोग्राफी की है। शिकायत में शशिकला ने यह भी उल्लेख किया है कि निहाल अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। शशिकला ने अपने पूरे परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए एसपी से निवेदन किया है कि सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उनका परिवार भयमुक्त होकर जीवन यापन कर सके। उन्होंने चेतावनी भी दी है कि यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई भी घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी निहाल की होगी।
