तेलंगाना एक्सप्रेस में युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत, बैतूल स्टेशन पर आपातकालीन रोक
| |

MIRROR SAMACHAR/ तेलंगाना एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे 36 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के चलते मौत हो गई। घटना शुक्रवार को तब घटी जब ट्रेन नागपुर के आसपास पहुंची थी। मृतक की पहचान शमसूद अली पिता मोहम्मद अली, निवासी कानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शमसूद अली सिकंदराबाद में गुब्बारे बेचने का काम करता था और काम बंद होने के कारण अपने भांजे और एक परिचित के साथ कानपुर लौट रहा था। यात्रा के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। परिजनों और सहयात्रियों ने तत्क्षण रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी। रेलवे स्टाफ ने तत्काल प्राथमिक प्रतिक्रिया देते हुए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने वाले अगले स्टेशन पर ट्रेन रोकने की व्यवस्था की। सामान्यतः बैतूल स्टेशन पर न रुकने वाली तेलंगाना एक्सप्रेस को आपात स्थिति को देखते हुए वहीं रोका गया। शमसूद को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की मौत संभवतः दिल का दौरा पड़ने से हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है। पोस्टमॉर्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दुखद घटना के बाद स्टेशन और ट्रेन में मौजूद यात्रियों में भी शोक और चिंता का माहौल देखा गया।
