छात्रावासों में कार्यरत कर्मचारियों को 8 माह से नहीं मिला वेतन
अजाक्स ने सौंपा ज्ञापन,सहायक आयुक्त ने दिया आश्वासन
| |
MIRROR/ जिले के छात्रावासों में कार्यरत सैकड़ों अंशकालीन कर्मचारियों को पिछले 6 से 7 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर स्थिति को लेकर मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) बैतूल द्वारा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग विवेक कुमार पांडे को सैकड़ों कर्मचारियों के साथ मिलकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपते हुए संघ के सदस्यों ने सहायक आयुक्त का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन भी किया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मई-जून माह में अंशकालीन कर्मचारियों ने छात्रावासों में नियमित रूप से सेवाएं दी हैं, जिनकी उपस्थिति वेतन पत्रक में अंकित कर वरिष्ठ कार्यालय को भेजी गई। इसके बावजूद अनुसूचित जाति के छात्रावासों में कार्यरत इन कर्मचारियों को विगत आठ माह से नियमित वेतन भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर सहायक आयुक्त विवेक कुमार पांडे ने संघ के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि जैसे ही बजट प्राप्त होगा, वेतन का भुगतान तत्काल कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ग्राम हरदू, विकासखंड चिचोली में विभागीय मंत्री के प्रवास के दौरान यह घोषणा की गई थी कि अंशकालीन कर्मचारियों के वेतन में शीघ्र वृद्धि की जाएगी तथा शासन स्तर पर इस दिशा में प्रयास जारी हैं। यह बात उन्होंने सभी कर्मचारियों की उपस्थिति में दोहराई।
इन्होंने दिया ज्ञापन
ज्ञापन देने वालों में अजाक्स संघ के जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह मर्सकोले, वरिष्ठ सलाहकार आर.के. विजयकर, हर्ष नागले, कमलेश मासोदकर, संजय डिगरसे, जितेन्द्र कुमार पंवार, श्रीमती चंपा वट्टी, शोभा धुर्वे, बबन पाटनकर, बबलू गायकवाड़, सुनीता कास्देकर, रानी उइके, संतोष सोनी सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे। कर्मचारियों के हित में लगातार लड़ाई लड़ रहे जिला अध्यक्ष एवं अजाक्स पदाधिकारियों की सराहना करते हुए अजाक्स प्रांतीय अध्यक्ष माननीय चौधरी मुकेश मौर्य, स्टेट संगठन समीक्षक एवं प्रदेश अध्यक्ष पेंशन एसोसिएशन माननीय रामकिशोर दाहिया, मुख्य स्टेट समन्वयक माननीय श्यामलाल डोहरिया ने इस कार्य को सराहनीय बताते हुए जनहित में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए इसी तरह कार्य करते रहने की प्रेरणा दी है।
