शंकर वार्ड की शासकीय जमीन पर बेतरतीब अतिक्रमण
तहसीलदार की मौजूदगी में भी नहीं हट पाया पूरा अतिक्रमण
| |
Betul Mirror News। नगर के शंकर वार्ड स्थित काली चट्टान क्षेत्र में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने 19 मई को राजस्व विभाग की टीम मौके पर दल-बल के साथ पहुंची। मौके पर जाकर टीम ने थोड़ी बहुत सफाई करवाई और वापस लौट गई, लेकिन पूरा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अधूरी छोड़ दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिन लोगों ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया था, उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेज तहसीलदार के सामने पेश किए। जबकि इस जमीन पर पहले से सीमांकन रिपोर्ट और तहसीलदार से लेकर एसडीएम तक के स्पष्ट आदेश मौजूद हैं, जिनमें 3060 वर्गफुट शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि की गई है। एसडीएम के आदेश में उल्लेख है कि काली चट्टान क्षेत्र में स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 196, रकबा 1.068 हेक्टेयर पर अतिक्रमण पाया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त भूमि पर टीन शेड, तार फेंसिंग और पक्की बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा किया गया है। विशेष रूप से 135 वर्गफुट क्षेत्र में पक्की बाउंड्रीवाल और 2925 वर्गफुट में टीन शेड व फेंसिंग की गई है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पुनः 23 मई को पहुंची थी, तब बिना समुचित जांच के ही पंचनामा बनाकर लौट गई तब भी पूरी कार्रवाई नहीं की गई। लगभग जबकि एसडीएम के आदेश अनुसार पूरी 3060 वर्गफुट भूमि से अतिक्रमण हटाना था। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
