भालू के हमले में मछुआरा गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

Fisherman seriously injured in bear attack, admitted to district hospital चोपना क्षेत्र के गांधीग्राम में मंगलवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब मछली पकड़ने गए दो ग्रामीणों पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में 55 साल कार्तिक ढोली गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनका साथी प्रकाश बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, कार्तिक और प्रकाश सुबह अमृत तालाब पर मछली पकड़ने पहुंचे थे। दोनों नाव में बैठने की तैयारी कर रहे थे कि तभी दो शावकों के साथ एक मादा भालू अचानक वहां आ पहुँची। भालू ने सीधे कार्तिक पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान कार्तिक नाव पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तभी भालू ने उन्हें दबोच लिया। दूसरी ओर, नाव पर मौजूद प्रकाश ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पानी में छलांग लगाई और अपनी जान बचा ली। हमले में कार्तिक के चेहरे और सिर पर गहरी चोटें आईं। उनकी आंख के पास की त्वचा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के तुरंत बाद उनके भाई रमेश उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची। विभागीय अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है और आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.