बच्चों की सुरक्षा के लिए एसपी ने थामा स्कूल बस का हैंडल नशे से दूरी अभियान के तहत सुरक्षा उपायों का लिया जायजा
| |

MIRROR NEWS/ बच्चों की सुरक्षा को लेकर बैतूल पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत वन विद्यालय की स्कूल बस में बच्चों के साथ सफर कर न केवल सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया, बल्कि बच्चों से सीधा संवाद भी किया। कार्यक्रम के तहत एसपी झारिया ने पहले विद्यालय में आयोजित नशा विरोधी जनजागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया और उसके बाद बच्चों के साथ स्कूल बस में सवार होकर सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की जाँच की। उन्होंने बच्चों को फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशामक यंत्र, और पैनिक बटन जैसी जरूरी सुरक्षा सुविधाओं की जानकारी दी। यात्रा के दौरान एसपी ने बच्चों से चालक और परिचालक के व्यवहार के बारे में जानकारी ली और उन्हें सावधानीपूर्वक बस में चढ़ने-उतरने, चलती बस से दूर रहने और दरवाजों के पास न खड़े होने जैसी जरूरी बातें सिखाईं। उन्होंने कहा, “बचपन से ही यदि हम ट्रैफिक नियमों का पालन करना सीखें, तो जीवन भर सुरक्षित रह सकते हैं। बच्चों ने एसपी से कई सवाल पूछे, जिनके उत्तर उन्होंने सहजता और मुस्कान के साथ दिए। इस अनोखी पहल में एएसपी दुर्गेश आर्मो, थाना प्रभारी (यातायात) और विद्यालय स्टाफ भी मौजूद रहे। पुलिस की इस मित्रतापूर्ण पहल को समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पुलिस के प्रति बच्चों तथा अभिभावकों का विश्वास मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
