कुंडी प्लाजा पर टैक्स वसूली बंद किए जाने को लेकर पूर्व मंत्री पांसे ने कलेक्टर,एसपी को लिखा पत्र

Betul Mirror News। अधूरे फोरलेन निर्माण, कुंडी प्लाजा पर टैक्स वसूली बंद किए जाने, अधूरे फोरलेन निर्माण कार्य के एलाइनमेंट और गुणवत्ता की जांच किए जाने एवं अन्य समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री एवं उपाध्यक्ष म.प्र. कांग्रेस कमेटी भोपाल सुखदेव पांसे द्वारा शनिवार 24 मई को जिला कलेक्टर बैतूल एवं पुलिस अधीक्षक बैतूल को पत्र लिखा गया है। पत्र में बताया गया है कि बैतूल से औबेदुल्लागंज फोरलेन पर शाहपुर के पास कुंडी में टोल प्लाजा दिनांक 21 मई 2025 दिन बुधवार से प्रारंभ किया गया है, जो एन.एच.ए.आई. के नियमों के विपरीत है। उक्त फोरलेन पर बरेठा घाट, भौंरा एवं इटारसी के पास का निर्माण कार्य वर्तमान में अधूरा पड़ा हुआ है। यह फोरलेन का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है, तो यह कैसे एन.एच.ए.आई. को हैंडओवर हो सकता है? और जब हैंडओवर ही नहीं हो सकता है, तो किस आधार पर टोल टैक्स की वसूली शुरू की जा रही है, जो कि एन.एच.ए.आई. के नियमों के विरुद्ध है। उक्त फोरलेन वर्तमान तक जितना भी निर्मित हुआ है, वह उबड़-खाबड़ है, जो फोरलेन के नियमों के अनुरूप नहीं है। इसके एलाइनमेंट और गुणवत्ता की एक्सपर्ट एजेंसी से जांच कराना अति आवश्यक है। बैतूल जिले में अन्य जिलों की भांति सबसे ज़्यादा टोल प्लाजा होने से बैतूल जिले की गरीब जनता का मनमाना दोहन हो रहा है। बैतूल जिले में खम्बारा, मिलानपुर, कोथलकुंड, गढ़ा, घोड़ाडोंगरी इत्यादि आधा दर्जन टोल प्लाजा यह साबित करते हैं। इस स्थिति में टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों को टोल टैक्स पर छूट या फ्री पास दिया जाना चाहिए, चाहे उनका वाहन किसी भी राज्य या जिले में पंजीकृत हो। श्री पांसे ने मांग की है कि बैतूल से औबेदुल्लागंज फोरलेन पर शाहपुर के पास अधूरे फोरलेन पर कुंडी में शुरू किए गए टोल प्लाजा को शीघ्र बंद कर, उक्त अधूरे निर्मित फोरलेन के एलाइनमेंट, गुणवत्ता की एक्सपर्ट एजेंसी से जांच कराई जाए, साथ ही बैतूल जिले के स्थानीय लोगों को टोल टैक्स पर छूट या फ्री पास प्रदान किया जाए।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.