गंज कॉम्प्लेक्स बना भाजपा-कांग्रेस की नाकामी का प्रतीक: विजेंद्र गोले

Betul Mirror News। गंज का वह बहुप्रतीक्षित कॉम्प्लेक्स जो वर्षों पहले व्यापारियों के सपनों की नींव पर रखा गया था, आज भी अधूरा पड़ा है। यह अधूरा निर्माण जिले की राजनीति की खोखली हकीकत का आईना है। शिवसेना के जिला अध्यक्ष विजेंद्र गोले ने इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दोनों दलों ने सत्ता में रहते हुए सिर्फ वादे किए, जमीन पर कुछ नहीं उतारा। उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में प्रदेश में दोनों पार्टियों की सरकारें बनीं, बैतूल जिले में इनके कद्दावर नेता मंत्री और विधायक रहे, लेकिन गंज कॉम्प्लेक्स का निर्माण आज भी अधूरा है। व्यापारी वर्ग ने वर्षों पहले दुकान के लिए रकम जमा कर दी थी, लेकिन बदले में उन्हें मिली सिर्फ मायूसी और इंतजार। रामलीला मैदान में निर्माण के दौरान किए गए गड्ढों के पौधे आज वृक्ष बन चुके हैं, लेकिन कॉम्प्लेक्स की दीवारें अब तक खड़ी नहीं हो पाईं। गोले ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के नेता जनता के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। उन्हें न व्यापारियों की चिंता है, न जनता की तकलीफों से कोई सरोकार। एक कॉम्प्लेक्स नहीं बनवा पाए और जनता के सेवक कहलाते हैं। शिवसेना जिला अध्यक्ष ने इसे दोनों दलों की निष्क्रियता बताया। उन्होंने कहा यह व्यापारियों के साथ किया गया विश्वासघात है। ऐसे नेताओं से जनता को अब सवाल पूछने चाहिए। आखिर क्यों सालों से ये इमारत अधूरी है, किसके दबाव में निर्माण रुका है और क्यों नेताओं की जुबां पर अब तक ताला जड़ा है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.