सर्जरी के लिए रक्त देकर हिंदू युवक ने बचाई मुस्लिम महिला की जान
बी-नेगेटिव ब्लड की जरूरत पड़ी तो विकास मिश्रा ने की पहल, रूपेश ने किया रक्तदान
| |
MIRROR SAMACHAR/ इंसानियत की एक अनूठी मिसाल उस समय देखने को मिली जब एक हिंदू युवक ने धर्म और जाति की सीमाएं लांघते हुए एक मुस्लिम महिला की जान बचाने के लिए बी नेगेटिव रक्तदान किया। भाजपा गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा को अचानक एक कॉल आया जिसमें बताया गया कि एक मुस्लिम महिला का ऑपरेशन जिला अस्पताल में केवल रक्त की अनुपलब्धता के कारण रुका हुआ है। महिला को दुर्लभ बी नेगेटिव रक्त समूह की आवश्यकता थी, जो आसानी से उपलब्ध नहीं होता। मिश्रा ने तुरंत रक्त मित्र एवं समाजसेवी रूपेश कुमार से संपर्क किया। बिना किसी देरी के रूपेश अपनी पत्नी हिमांगी के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और महिला के ऑपरेशन के लिए रक्तदान किया। विकास मिश्रा ने बताया कि महिला जीवन और मृत्यु के बीच जूझ रही थी और ऐसे में समय पर रक्त मिलना बहुत जरूरी था। रूपेश कुमार ने किसी भी प्रकार के धार्मिक भेदभाव की परवाह किए बिना मानवीय कर्तव्य निभाया और बिना किसी प्रचार या दिखावे के सीधे अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। रूपेश द्वारा दिए गए रक्त से महिला की सर्जरी सफलतापूर्वक हुई और उसकी जान बच गई। इस अवसर पर जिला अस्पताल के रक्त कोष प्रभारी डॉ. अंकिता सीते ने रूपेश को प्रमाण पत्र देकर उन्हें रक्त मित्र के रूप में सम्मानित किया। इस दौरान भाजपा गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, डॉ. अंकिता सीते, और रूपेश कुमार की धर्मपत्नी हिमांगी भी मौजूद रहीं।
