ऑनर किलिंग: प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या, 11 गिरफ्तार
| |
Betul Mirror News: शाहपुर में एक दिल दहला देने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। गांव मंडई खुर्द में एक विवाहिता के प्रेमी राजा घोरपड़े को युवती के परिजनों ने बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें युवती का पति, भाई, रिश्तेदार और महिलाएं भी शामिल हैं।
घटना का विवरण
प्रेम प्रसंग और पलायन: जानकारी के अनुसार, महिला और राजा घोरपड़े एक ही समाज के थे और उनके बीच 2019 से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला की शादी हो चुकी थी, लेकिन पति से अनबन के बाद वह दोबारा राजा के संपर्क में आई। इस साल 4 मई को महिला अपनी 5 साल की बेटी के साथ राजा के साथ गुजरात भाग गई थी।
परिजन की नाराजगी
महिला के पति बलदेव नागले और परिवार वाले इस बात से बेहद नाराज थे। उन्होंने महिला को वापस बुलाने के लिए एक योजना बनाई।
झांसा देकर बुलाया
परिजनों ने महिला को तलाक करवाने और दोबारा शादी कराने का झांसा देकर गांव वापस बुलाया।
अपहरण और क्रूरता
16 जून को जब महिला और राजा गुजरात से लौट रहे थे, तो भौंरा के पास परिजनों ने उन्हें बस से उतारकर अगवा कर लिया। दोनों को ग्राम गुरगुंदा के एक घर में ले जाया गया, जहां राजा के हाथ-पैर बांधकर उसे बेल्ट, पाइप, लाठियों और घूंसे-लातों से बुरी तरह पीटा गया। राजा मारपीट के कारण बेहोश हो गया।
मौत
गंभीर हालत में राजा को शाहपुर अस्पताल के पास फेंककर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।पुलिस कार्रवाई महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने बलदेव नागले सहित 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। शाहपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन पर हत्या, अपहरण और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद सभी को जेल भेज दिया गया है। यह घटना समाज में ऑनर किलिंग जैसी कुप्रथा की भयावहता को दर्शाती है, जहां तथाकथित “सम्मान” के नाम पर जघन्य अपराधों को अंजाम दिया जाता है।
