आरटीओ बैरियरों पर अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन: अजय सोनी
अवैध रूप से बैरिकेड लगाकर वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग, सौंपा ज्ञापन
| |
MIRROR NEWS/ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं प्रदेश संयुक्त सचिव अजय सोनी ने आरोप लगाया कि भैंसदेही परतवाड़ा मार्ग पर हनुमान ढाना अदना नाका और बैतूल जिले की सीमा स्थित ससुंदरा आरटीओ बैरियर पर लगातार अवैध रूप से वाहनों से वसूली की जा रही है। उन्होंने जिला कलेक्टर को संबोधित ज्ञापन में स्पष्ट रूप से लिखा कि यदि बैतूल जिले में ससुंदरा और भैंसदेही पर चल रही अवैध वसूली को तत्काल बंद नहीं कराया गया और मुख्यमंत्री द्वारा आरटीओ बैरियरों को समाप्त करने के आदेशों को अमल में नहीं लाया गया, तो आम आदमी पार्टी विरोध स्वरूप मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर धरना प्रदर्शन करने को विवश होगी। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 1 जुलाई 2024 को पूरे मध्यप्रदेश में 47 आरटीओ बैरियरों को बंद कर दिया गया था। साथ ही सीमावर्ती 26 जिलों में 211 होम गार्ड पदस्थ किए गए हैं, जिन्हें मोबाइल चेक प्वाइंट के तौर पर उड़नदस्ता रूप में कार्य करने हेतु प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से सहयोग देने का भी निर्देश जारी हुआ था। लेकिन, आम आदमी पार्टी को लगातार मिल रही शिकायतों के अनुसार बैतूल जिले में अब भी दो स्थानों पर आरटीओ बैरियर की आड़ में अवैध रूप से वसूली की जा रही है, जिससे आम वाहन चालकों को प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। ज्ञापन में अजय सोनी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल इस पूरे प्रकरण की ज़मीनी स्तर पर निष्पक्ष जांच कराई जाए और अवैध रूप से बैरिकेड लगाकर वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में शासन-प्रशासन की छवि को धूमिल न होने दिया जाए और आमजन को राहत मिल सके।।ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई है कि संबंधित अधिकृत अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि वे इन स्थलों पर अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखें और ऐसी शिकायतें दोबारा न आने पाएं।
