हाईवे पर फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी, लाखों की बकरियां और वाहन जब्त

बकरी चोर गिरोह का पर्दाफाश

MIRROR NEWS/ जिले में पशु चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को एक संगठित बकरी चोर गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। हाईवे पर की गई सुनियोजित कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को धरदबोचा, जिनके कब्जे से चोरी की सात बकरियां और एक लोडिंग वाहन बरामद किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 10.50 लाख रुपए आंकी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह गिरोह पन्ना जिले के बड़ागांव क्षेत्र से बैतूल आकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। 3 जुलाई को बैतूल निवासी शुभम जैसवाल के गॉट फार्म से अज्ञात चोरों ने सात बकरियां चुरा ली थीं।

 

पीड़ित ने 28 जुलाई को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक लोडिंग वाहन में चोरी की बकरियां भरकर कुछ संदिग्ध बैतूल बाजार से शाहपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सोनाघाटी हाईवे पर घेराबंदी की और वाहन को रोक कर तलाशी ली। वाहन से बरामद बकरियों के साथ पांच संदिग्ध गिरफ्तार किए गए, जिनकी पहचान निलेश सरयाम (जिला सिवनी), अमीर खान, अरमान खान, इनूस खान और तस्बीर खान (सभी पन्ना जिले के निवासी) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बकरियां चोरी करने की बात कबूल कर ली। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया, उप निरीक्षक राकेश सरयाम सहित पुलिस टीम की निर्णायक भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह गिरोह जिले में पूर्व में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी संलिप्त हो सकता है। गिरोह के नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश के लिए जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल टीम को सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के लिए बधाई दी है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.