महाराष्ट्र से जंगली सुअर लाकर बेंचते थे मांस

Betul News: वन विभाग ने वन्यप्राणी तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। दक्षिण वनमंडल के आमला क्षेत्र में बोरदेही-दमुआ मार्ग पर 16 मई को रात 1:30 बजे एक बुलेरो वाहन से 9 जंगली सुअर बरामद किए गए। वन विभाग की टीम ने बुलेरो वाहन MP 04 B 8159 को जब्त किया। वाहन में मिले सभी जंगली सुअरों के पैर और मुंह रस्सी से बंधे हुए थे। इनमें से 4 सुअर मृत मिले, जबकि 5 जीवित सुअरों को वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। मामले में छिंदवाड़ा जिले के दमुआ निवासी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अशोक बिंझाड़े 43 साल और किशोर बिंझाड़े 47 साल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे महाराष्ट्र से जंगली सुअर लाकर दमुआ में उनका मांस बेचने का धंधा करते थे। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 44, 48 (क), 51 और 52 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें मुलताई उपजेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में वन संरक्षक बासू कनोजिया, वनमंडलाधिकारी नवीन गर्ग और विजयानन्तम टी.आर., आईएफएस विनोद जाखड़ के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.