ग्राम पंचायत बाकुड़ में भ्रष्टाचार की खुली पोल

ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

MIRROR SAMACHAR/ ग्राम पंचायत बाकुड़ में हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के विरोध में ग्रामवासियों का सब्र अब टूट चुका है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण रामकुमार नागवंशी ने बताया कि पंचायत द्वारा स्टॉक डेम, पुल एवं रपटा जैसे स्थायी ढांचागत कार्यों में भी गुणवत्ताहीन निर्माण किया गया है। कार्य की गुणवत्ता इतनी खराब है कि कई स्थानों पर ये निर्माण शुरू होते ही क्षतिग्रस्त हो गए हैं। साथ ही फर्जी बिलों के माध्यम से राशि निकालने के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन उप-स्वास्थ्य केंद्र का कार्य भी गंभीर लापरवाही से किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण सामग्री मानकों के अनुरूप नहीं है, जिससे यह शंका उत्पन्न होती है कि निर्माण कार्य में शासकीय राशि का दुरुपयोग हो रहा है।

आंगनबाड़ी केंद्र सिर्फ कागजों में पूर्ण

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत बाकुड़ के अंतर्गत ग्राम जुआंझर में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कार्य सिर्फ कागजों पर ही पूर्ण हुआ है। वास्तविकता यह है कि वहां न तो भवन का निर्माण हुआ है और न ही कोई निर्माण सामग्री उपयोग में लाई गई, फिर भी राशि आहरित कर ली गई है। इसके अलावा रिटर्निंग वॉल के निर्माण के लिए स्वीकृत राशि का भी पूर्ण आहरण कर लिया गया है, लेकिन मौके पर कार्य अधूरा है और जो कुछ किया गया है उसकी गुणवत्ता अत्यंत खराब है। ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ से अनुरोध किया है कि इन सभी मामलों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जो भी अधिकारी, सचिव या ठेकेदार दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.