यात्री बसों पर शिकंजा: यातायात पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान
| |

special checking campaign of traffic police यात्रियों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर बैतूल यातायात पुलिस ने मंगलवार को जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बसों और अन्य वाहनों की गहन जांच की गई। जांच में यह सामने आया कि कुछ यात्री बसें बिना बैक लाइट और बिना आवश्यक अग्निशमन उपकरणों के संचालित हो रही थीं। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित बस चालकों पर चालानी कार्यवाही की और जुर्माना भी वसूला।यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 26 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं जिला चिकित्सालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर अवैध रूप से वाहन खड़ा कर मार्ग बाधित करने वाले 4 चालकों पर भी चालान बनाया गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्री बसों से जुड़ी दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए इस तरह की सघन चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।
आमजन से पुलिस की अपील
वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें।
दोपहिया वाहन पर हमेशा मानक हेलमेट पहनें।
नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें।
शराब या नशे की हालत में गाड़ी न चलाएँ।
ट्रैफिक सिग्नल और सड़क संकेतों का पालन करें।
वाहन हमेशा निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि –
“आपकी सावधानी, किसी की जिंदगी बचा सकती है। सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें।”
