चौपाटी में सात दुकानों में चोरी, एक संदिग्ध सिलेंडर के साथ पकड़ा गया
| |
News। चौपाटी में चोरों ने बीती रात सात दुकानों को निशाना बनाया है. चोरों ने चार दुकानों से नगदी, चीज़ और गैस सिलेंडर चुरा लिए, जबकि तीन दुकानों से वे कुछ भी चुराने में नाकाम रहे। दो चाइनीज खाद्य दुकानों से नगदी चोरी हुई और एक दुकान से 8 हज़ार रुपये का चीज़ गायब हो गया। दुकानदारों को पुलिस परेड ग्राउंड की बाउंड्री से एक लोहे की रॉड मिली है, जिससे माना जा रहा है कि चोरों ने ताले तोड़े होंगे। इस चोरी में तब एक महत्वपूर्ण मोड़ आया जब दुकानदारों ने एक वृद्ध व्यक्ति को बोरी में गैस सिलेंडर ले जाते हुए पकड़ा. पूछताछ करने पर पता चला कि यह सिलेंडर श्रीनाथ पाव भाजी शॉप का था। वृद्ध ने बताया कि कारगिल चौक पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे 30 रुपये की मजदूरी का लालच देकर सिलेंडर लाने को कहा था। दुकानदारों को संदेह है कि चोरों का कोई गिरोह रैन बसेरे में रहने वाले ज़रूरतमंद मज़दूरों का इस्तेमाल चोरी के लिए कर रहा है। पकड़े गए वृद्ध को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। गंज थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ जारी है।
