नशे में धुत शिक्षक ने बिगाड़ा स्कूल का माहौल, निलंबित
औचक निरीक्षण में रंगेहाथ पकड़े गए, शिक्षा विभाग ने माना गंभीर कदाचार
| |

Drunk teacher spoiled the atmosphere of the school, suspended विकासखंड आमला के शासकीय प्राथमिक शाला भालदेही में पदस्थ सहायक शिक्षक भरत सिंह रावत को कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीन आचरण के आरोपों में निलंबित कर दिया गया है। कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी आमला से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच में पाया गया कि श्री रावत शाला में बिना सूचना अनुपस्थित रहते थे और अध्यापन कार्य नहीं करते थे। आरोप है कि वे विद्यालय समय में नशे का सेवन कर अपने मित्रों के साथ स्कूल आते थे, जिससे शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा था। सूत्रों के मुताबिक, 14 अगस्त 2025 को जनपद सदस्य सुजित खंडाग्रे ने विद्यालय का निरीक्षण किया, तब शिक्षक रावत नशे की हालत में उपस्थित थे और निरीक्षण टीम के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। शिक्षा विभाग ने इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन और गंभीर कदाचार मानते हुए म.प्र. सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बैतूल रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
