नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी को सारणी पुलिस ने किया गिरफ्तार

MIRRORNEWS/ सारणी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी चंदन खातरकर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता 24 जुलाई को सुबह स्कूल गई थी लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की सूचना थाना सारणी में दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 27 जुलाई को पुलिस ने नाबालिग को नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि शांति नगर, सारणी निवासी चंदन खातरकर (32 साल) उसे बहला-फुसलाकर नागपुर ले गया था और वहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी जयपाल इनवाती के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आशीष कमरे, सोनाली ढोक, प्रधान आरक्षक विवेक यादव एवं आरक्षक लक्ष्मी मोहित की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा टीम की सराहना की गई है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.