प्राथमिक व मिडिल स्कूल जामठी की पुरानी बिल्डिंग कभी भी बन सकती है हादसे की वजह

बच्चों की जान जोखिम में, जनपद सीईओ ने दिया निरीक्षण कर जल्द करवाई का आश्वासन

News/ प्राथमिक शाला एवं मीडिल स्कूल जामठी के परिसर में स्थित जर्जर पुराने भवनों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वह किसी भी समय ढह सकती हैं। इन बिल्डिंगों के अंदर छोटे बच्चे खेलते हुए देखे गए, जिससे उनके जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इस विषय को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता शैलेष कुमार वाईकर ने खुलकर आवाज उठाई और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को इस संबंध में भवन डिस्मेंटल को लेकर आवेदन सौंपा। शैलेष कुमार वाईकर ने बताया कि परिसर में मौजूद पुरानी बिल्डिंगें वर्षों से खस्ताहाल हैं। अधिक बारिश होने पर इनके गिरने की पूरी संभावना है।

यदि ऐसी स्थिति में बच्चे भीतर मौजूद रहते हैं तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि अध्यापकों द्वारा भी यह समस्या उनके समक्ष रखी गई है। आप नेता ने बताया कि स्कूल परिसर में बाथरूम बना तो है, लेकिन उसकी हालत इतनी खराब है कि बच्चे उसका उपयोग नहीं कर रहे और खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। संपूर्ण मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने खुद जामठी स्कूल का निरीक्षण कर करवाई करने की बात कही। उन्होंने स्थिति को देखते हुए तुरंत इन जर्जर बिल्डिंगों को बाउंड्री वॉल से बंद करने की भी बात कही, ताकि बच्चे अब उनके पास भी न जा सकें। साथ ही उन्होंने जल्द ही इन बिल्डिंगों को डिस्मेंटल करने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन भी दिया है। शैलेष कुमार वाईकर ने कहा कि कुछ समय पहले राजस्थान के झालावाड़ जिले में भी एक स्कूल की जर्जर बिल्डिंग गिर गई थी, जिसमें कई बच्चों की जान चली गई थी। ऐसी कोई भी दुखद घटना बैतूल जिले में न हो, इसके लिए प्रशासन को समय रहते सक्रियता दिखाना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तुरंत कार्रवाई की जाए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.