ठेकेदार को लाभ पहुंचाने अधूरी सड़क पर शुरू हुआ टोल

जिला अभिभाषक संघ ने जताया विरोध, मुख्यमंत्री को प्रेषित किया ज्ञापन

Betul Mirror News। बैतूल जिले के अधिवक्ताओं ने अधूरी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना पर टोल वसूली शुरू किए जाने का विरोध किया है। जिला अभिभाषक संघ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर कुंडी टोल को तत्काल बंद करने की मांग की। जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि बैतूल के मिलानपुर टोल से पाढर और बरेठा होते हुए भोपाल की ओर जो राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माणाधीन है, वह अब तक पूरा नहीं हुआ है। इसके बावजूद शाहपुर तहसील के अंतर्गत ग्राम कुंडी के पास बनाए गए टोल प्लाजा को 22 मई से चालू कर दिया गया है। संजय कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया कि बैतूल से कुंडी टोल तक और कुंडी टोल से बागदेव, इटारसी की दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। कहीं सड़क कच्ची है, तो कहीं पुल-पुलियों का निर्माण अधूरा है। बावजूद इसके एनएच विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इस अधूरी सड़क पर टोल शुरू करवा दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक पूरा राष्ट्रीय राजमार्ग नहीं बन जाता, तब तक टोल वसूली जनता के साथ अन्याय है। अधूरी सड़क पर टोल वसूली करना नियमों के भी खिलाफ है। जिला अभिभाषक संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की है कि कुंडी टोल को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए और एनएच विभाग के अधिकारियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.