मोबाइल चोरी कर फोन पे से उड़ाए 40,000 रुपये, दो आरोपी गिरफ्तार
तीसरा आरोपी फरार, पुलिस ने जब्त की नकद राशि: मोबाइल में लॉक न होना बना ठगी की वजह
| |
MIRROR NEWS/ पाथाखेड़ा क्षेत्र में मोबाइल चोरी और डिजिटल पेमेंट ऐप “फोन पे” के जरिए 40,000 रुपये की ठगी के मामले में सारणी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
घटना का विवरण
17 जुलाई 2025 को राकेश बाबरिया ने थाना सारणी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति रात में उनके घर से मोबाइल चुरा ले गए। मोबाइल में कोई पासवर्ड या सुरक्षा लॉक नहीं था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने “फोन पे” ऐप से 40,000 रुपये की राशि निक्की नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दी।
साइबर ठगी का खुलासा
पुलिस जांच के दौरान संदिग्ध अंकित बेले से पूछताछ की गई। उसने खुलासा किया कि उसने अपने साथी विशाल बेले और निक्की के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने मोबाइल से फोन पे ऐप ओपन कर निक्की के खाते में पहले पैसे भेजे और फिर उस रकम को अंकित के खाते में ट्रांसफर कर दिया।
नकद राशि जब्त
अंकित बेले से 15,000 रुपये
विशाल बेले से 25,000 रुपये
कुल 40,000 रुपये की नकद राशि जब्त की गई है।
निक्की फिलहाल फरार है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस मामले में उप निरीक्षक वंशज श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक ज्ञान सिंह टेकाम, प्रधान आरक्षक मनोज डेहरिया, आरक्षक सुभाष मण्डलोई और आरक्षक रवि दर्शिमा की अहम भूमिका रही।
एसपी का निर्देश और सतर्कता की अपील
पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल में हमेशा पासवर्ड लगाएं और यूपीआई ऐप्स को लॉक रखें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
