झल्लार में रुद्राणी किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप सील, टैंक में पाया गया वाटर लेवल
| |
MIRROR NEWS/ कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के आदेशानुसार तथा एसडीएम भैंसदेही शैलेंद्र हनोतिया के नेतृत्व में जिले में पेट्रोल पंपों की सतत जांच की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को तहसील भैंसदेही अंतर्गत ग्राम झल्लार में संचालित रुद्राणी किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप की जांच की गई। जांच टीम में तहसीलदार भगवान दास कुमरे एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी धर्मदास शामिल रहे। जांच के दौरान पंप के भूमिगत पेट्रोल एवं डीजल टैंकों में पानी की मात्रा (वाटर लेवल) पाए जाने की पुष्टि हुई, जो कि ईंधन की गुणवत्ता एवं उपभोक्ताओं के हितों के लिए गंभीर मामला है।जांच दल ने तत्काल प्रभाव से पंप की बिक्री पर रोक लगाते हुए विधिसम्मत कार्रवाई कर पंप को सील कर दिया है। प्रशासन द्वारा आगे की जांच जारी है और अन्य पंपों की भी क्रमबद्ध जांच की जा रही है।
