Betul Daily News: डॉ अंकिता सीते बनी नोडल अधिकारी
सिकल सेल एनीमिया नियंत्रण कार्यक्रम की भी मिली जिम्मेदारी
|
Betul Daily News: प्रशासकीय कार्य व्यवस्था के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए बैतूल सीएमएचओ डॉ रविकांत उईके ने जिला चिकित्सालय बैतूल में पदस्थ डॉ. अंकिता सीते (पैथोलॉजी – पीजीएमओ) को उनके ब्लड बैंक कार्यों के साथ-साथ सिकल सेल एनीमिया नियंत्रण कार्यक्रम का जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में सिकल सेल एनीमिया एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनी हुई है, विशेष रूप से जनजातीय समुदायों में इसकी अधिकता देखी गई है। सरकार द्वारा इस बीमारी की रोकथाम और उपचार के लिए सिकल सेल एनीमिया नियंत्रण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
डॉ. अंकिता सीते अब इस कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगी और जिले में सिकल सेल से प्रभावित मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का कार्य करेंगी। उनकी जिम्मेदारी होगी कि जिले में इस बीमारी की स्क्रीनिंग, उपचार और जागरूकता अभियान प्रभावी रूप से संचालित किए जाएं।
डॉ. अंकिता सीते ने बताया कि अब तक बैतूल जिले में 6 लाख से अधिक लोगों की सिकल सेल जांच की जा चुकी है। जिनमें से 1,154 मरीज सिकल सेल एनीमिया से ग्रसित पाए गए हैं, जबकि 5,504 लोग सिकल सेल वाहक हैं।
इस बीमारी के प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित ब्लड ट्रांसफ्यूजन, दवाओं की उपलब्धता और व्यापक जनजागरूकता अभियान आवश्यक हैं। डॉ सीते ने बताया कि बैतूल जिले में अप्रैल 2024 से 2025 तक कुल 862 सिकल सेल रोगियों को रक्त चढ़ाया गया। मार्च 2025 में 56 सिकल सेल रोगियों को रक्त चढ़ाया गया।
Betul Daily News: नगर पालिका स्विमिंग पूल का संचालन शुरू
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में नियमित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सिकल सेल एनीमिया के लक्षण, पहचान और उपचार के बारे में जानकारी दी जाती है। इसके अलावा, प्रभावित मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।