विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: कॉल सेंटर सेवाओं का विस्तार,नया हेल्पलाइन नंबर शुरू

1912 के साथ-साथ नया संपर्क नंबर 0755-4314165 शुरू

बैतूल मिरर। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमपीएमकेवीवीसीएल) ने बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर, त्वरित और निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपनी कॉल सेंटर सेवाओं का विस्तार किया है। उपभोक्ताओं की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए कंपनी ने कॉल सेंटर की क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त एसआईपी (SIP) चैनल जोड़े हैं। इसके साथ ही एयरटेल नेटवर्क के माध्यम से नया हेल्पलाइन नंबर 0755-4314165 भी शुरू किया गया है।अब उपभोक्ता बीएसएनएल के टोल-फ्री नंबर 1912 के अलावा 0755-4314165 पर भी संपर्क कर विद्युत आपूर्ति, बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। साथ ही शिकायतों की स्थिति की जानकारी और अन्य बिजली संबंधी सेवाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे। यदि किसी कारणवश टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क नहीं हो पाता है, तो उपभोक्ता नए हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। कंपनी ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कई डिजिटल और दूरभाष माध्यम भी उपलब्ध कराए हैं। इनमें 1912 टोल-फ्री नंबर, 0755-4314165 हेल्पलाइन, UPAY App चैटबॉट, व्हाट्सएप बॉट (0755-2551222) तथा उपभोक्ता पोर्टल (portal.mpcz.in) शामिल हैं, जिनके माध्यम से शिकायत दर्ज कराने और विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कंपनी के अनुसार, अतिरिक्त एसआईपी चैनल जोड़े जाने से कॉल सेंटर अब एक साथ अधिक संख्या में उपभोक्ताओं की कॉल प्राप्त कर सकेगा। इससे शिकायतों का पंजीयन और निराकरण पहले की तुलना में अधिक तेज, प्रभावी और सुचारु होगा। साथ ही व्यस्त लाइन या कॉल न लगने जैसी समस्याओं में भी कमी आएगी। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से उपभोक्ताओं को सरल, सुलभ, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में सेवाओं का लगातार उन्नयन किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण और बेहतर सेवा अनुभव मिल सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.