पटवारी से मारपीट मामले में जयस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी

दोषी पर शीघ्र दंडात्मक कार्रवाई की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

MIRROR/ शासकीय कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे पटवारी राजेन्द्र बेठे पर हुए हमले को लेकर प्रशासन की चुप्पी पर आदिवासी समाज में आक्रोश है। राजनीतिक संरक्षण प्राप्त आरोपी पर कार्रवाई नहीं होने से जयस संगठन ने नाराजगी जताई है और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि अगर दोषी पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो जिलेभर में आदिवासी कर्मचारी आंदोलन करेंगे। ज्ञापन में बताया गया कि 24 जुलाई को शासकीय हल्का पटवारी राजेन्द्र बेठे खंजनपुर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान नगरपालिका द्वारा भूखण्ड और नाली की जांच के लिए बुलाए गए थे। मौके पर नगरपालिका के राजस्व निरीक्षक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे। निरीक्षक द्वारा निजी भूमि की रजिस्ट्री के आधार पर भूखण्ड की लंबाई और चौड़ाई मापी जा रही थी। इसी दौरान राजीव मिश्रा नामक व्यक्ति वहां आया और पूछने लगा कि कौन पटवारी है। उसने आरोप लगाया कि गलत नपाई की जा रही है। इसके बाद उसने श्री बेठे के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और मारपीट करते हुए उनकी शर्ट फाड़ दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि पटवारी राजेन्द्र बेठे के कान का पर्दा फट गया, जिससे उनकी सुनने की क्षमता प्रभावित हो गई है। जयस संगठन ने आरोप लगाया है कि राजीव मिश्रा की राजनीतिक पहुंच होने के कारण उस पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। जबकि एक शासकीय कर्मचारी के साथ इस तरह की घटना से पूरा सरकारी अमला भयभीत है। जयस संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही दोषी व्यक्ति पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आदिवासी कर्मचारियों के समर्थन में जिलेभर में आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में जयस संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.